लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर संगोष्ठी, नशामुक्ति का दिलाया संकल्प

इटावा। भारत विकास परिषद इटावा तुलसी शाखा द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती एवं विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर पक्का तालाब स्थित साईं मंदिर परिसर में संगोष्ठी एवं शीतल शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत की महान शासिका, महिला सशक्तिकरण की प्रतीक एवं परम शिवभक्त लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संतोष कुमार पटेल ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि तीन शताब्दी पूर्व उन्होंने समाजसेवा, धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण के क्षेत्र में जो आदर्श स्थापित किए, वे आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से लोकमाता के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि एवं प्रांतीय महिला गतिविधि संयोजक रीना राठौर ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने धर्म और संस्कृति की रक्षा के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की भी अनूठी मिसाल प्रस्तुत की। वहीं तुलसी शाखा की सदस्य नीलिमा चौधरी ने लोकमाता के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी निष्पक्ष न्यायप्रियता और जनहितकारी शासन व्यवस्था से आज के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासकों को सीख लेनी चाहिए।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शाखा अध्यक्ष डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष लाखों लोग नशे की लत के कारण असमय मृत्यु का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों को सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का संचालन सचिव डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता ने किया। संगोष्ठी के उपरांत परिषद के सदस्यों ने राहगीरों को शीतल शरबत वितरित कर सेवा कार्य भी किया।
इस अवसर पर प्रीतम खन्ना, शमीम बेगम, शशि दीक्षित, आशा अग्निहोत्री, अनीता वर्मा, नीलम तिवारी, अशोक अग्निहोत्री, पंकज कुमार सिंह चौहान सहित अनेक सदस्यों एवं मंदिर से जुड़े लोगों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 50 से अधिक लोगों को नशामुक्ति एवं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *