पॉक्सो एक्ट समाज की सामूहिक जिम्मेदारी, बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता जरूरी : विनीता विमल

करवाखेड़ा, 28 सितंबर। ज्ञानस्थली विद्यालय में सोमवार को पॉक्सो एक्ट के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट  विनीता विमल ने विद्यार्थियों को बाल यौन अपराधों से संरक्षण संबंधी कानून की महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय समिति के अध्यक्ष (चेयरमैन) शिवप्रसाद यादव एवं मुख्य अतिथि विनीता विमल ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विद्यालय अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्पेशल जज विनीता विमल ने कहा कि बच्चों को देश का भविष्य कहा जाता है और उनके सुरक्षित एवं स्वस्थ विकास के लिए सुरक्षित वातावरण बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि बाल यौन शोषण जैसी गंभीर समस्या से निपटने तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए पॉक्सो अधिनियम लागू किया गया है।

उन्होंने कहा, “पॉक्सो एक्ट केवल एक कानून नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक सामूहिक जिम्मेदारी है।” बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए केवल पुलिस और न्यायालयों की भूमिका पर्याप्त नहीं है। माता-पिता, शिक्षक और समाज के प्रत्येक नागरिक को जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को कानून के प्रावधानों के साथ-साथ किसी भी अनुचित व्यवहार अथवा शोषण की स्थिति में जागरूक रहने और भरोसेमंद व्यक्ति से सहायता लेने के महत्व को भी समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों और गरिमा की रक्षा करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रमुख शिवमंगल सर, ज्ञानस्थली ग्रुप ऑफ स्कूल्स के स्पोर्ट्स डायरेक्टर वासिफ खान, वित्त विभाग प्रमुख नीरज त्रिपाठी सहित विद्यालय परिवार के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *