उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन हेतु पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

इटावा 15 अक्टूबर, 2026- उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सदस्यों का निर्वाचन दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को संपन्न कराया जाना है। निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल के निर्देशन में आज दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह एवं नोडल अधिकारी के निर्देशन में मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान संबंधी दायित्वों, मतपेटिका के प्रयोग, मतपत्रों के रखरखाव तथा मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में दी गई जानकारियों का भली-भांति अध्ययन कर लें तथा निर्वाचन से संबंधित सभी दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें, ताकि विधान परिषद निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया जा सके।
उक्त कार्यक्रम में आई0ए0एस कोमल पुनिया, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *