इटावा, 14 अक्टूबर 2026। केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NIC), इटावा कार्यालय की ओर से कंपोजिट स्कूल, ताखा में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक करने के साथ नैतिकता, ईमानदारी और पारदर्शी शासन के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” (Probity for Prosperity) पर आधारित रचनात्मक सतर्कता एवं नैतिकता प्रश्नोत्तरी (क्विज) का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भ्रष्टाचार निरोधक कानूनों, नागरिक कर्तव्यों तथा सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी के महत्व से संबंधित जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों ने देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और अपने जीवन में ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा के मूल्यों को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
नेशनल इंश्योरेंस कंपनी की इस पहल का सफल नेतृत्व एसबीएम इटावा श्री गौरव पाल ने किया। इस अवसर पर एओ नैना कुरील, संभव मिश्रा, महेश बाथम, रमाकांत और रवि भी उपस्थित रहे।
एनआईसी टीम ने कार्यक्रम के सुचारु आयोजन में सहयोग देने के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य के.के. यादव एवं समस्त शिक्षकगण का आभार व्यक्त किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रारंभिक स्तर से ही नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
