बैंकों की मनमानी और व्यापारियों के उत्पीड़न के विरोध में व्यापार मंडल ने सौंपा आठ सूत्रीय ज्ञापन

इटावा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश पंजीकृत के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर बुधवार को जिला मुख्यालय पर व्यापारियों की विभिन्न बैंकिंग समस्याओं और बैंकों द्वारा कथित उत्पीड़न के विरोध में प्रदर्शन करते हुए आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। जिला अध्यक्ष आलोक दीक्षित के नेतृत्व में व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री को संबोधित ज्ञापन पत्र दिया।
ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने बैंकों में जमा पूंजी पर विभिन्न प्रकार के शुल्क लगाए जाने और व्यापारिक लेनदेन में आ रही परेशानियों पर नाराजगी जताई। व्यापार मंडल ने मांग की कि सभी सरकारी बैंकों को सातों दिन खोला जाए, ताकि बैंक अवकाश के कारण व्यापारिक लेनदेन प्रभावित न हो और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
व्यापारियों ने बचत खातों पर कम ब्याज और चालू खातों पर ब्याज नहीं मिलने का हवाला देते हुए मिनिमम बैलेंस पेनल्टी समाप्त करने की मांग की। साथ ही चेक डिसऑनर होने की स्थिति में भुगतान प्राप्त करने वाले व्यापारी पर लगाए जाने वाले चार्ज को अनुचित बताते हुए इसे केवल चेक जारी करने वाले के विरुद्ध लगाए जाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में नगद रुपये जमा करने और निकालने पर लगाए जा रहे कैश हैंडलिंग चार्ज को समाप्त करने की मांग की गई। व्यापारियों का कहना था कि चालू खातों और लिमिट खातों के माध्यम से नियमित लेनदेन करने के बावजूद विभिन्न प्रकार के शुल्क वसूले जा रहे हैं, जिससे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
इसके अलावा नियमित रूप से संचालित हो रहे लोन और लिमिट खातों के नवीनीकरण तथा संपत्ति के पुनर्मूल्यांकन के नाम पर वसूले जाने वाले शुल्क पर रोक लगाने की मांग की गई। व्यापार मंडल ने लोन और लिमिट खातों को एनपीए घोषित करने की निर्धारित अवधि तीन माह से बढ़ाकर छह माह करने तथा तकनीकी कारणों से उत्पन्न समस्याओं में व्यापारियों को सुधार का अवसर देने की मांग भी रखी।
व्यापारियों ने केवाईसी के नाम पर खाताधारकों को बार-बार बैंक बुलाकर परेशान किए जाने का मुद्दा उठाते हुए केवाईसी की अवधि बढ़ाकर 10 वर्ष करने के आदेश जारी करने की मांग की। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के खातों पर लगाए जा रहे अकाउंट मेंटेनेंस चार्ज समाप्त करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अशोक जाटव, हाजी हन्नान मंसूरी,जिला उपाध्यक्ष मनोज कठेरिया, शहर अध्यक्ष सोनू अग्रवाल, लाइन पार शहर अध्यक्ष सुनील कुमार कुशवाहा, युवा जिलाध्यक्ष रियाज अहमद, उद्योग मंच के जिला अध्यक्ष राहुल दीक्षित, जिला सचिव आफताब खान, युवा शहर अध्यक्ष इबादुर्रहमान, शहर उपाध्यक्ष बृजेश राठौर, उद्योग मंच के उपाध्यक्ष ताहा शालीमार, युवा जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, शेख नवाब, मीडिया प्रभारी इश्तायक कुरैशी, शहर उपाध्यक्ष हफीज खान, प्रमित दीक्षित सहित दर्जनों व्यापारी नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *