सर्वजन सुखाय पार्टी ने मनाया दूसरा स्थापना दिवस, कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण

बकेवर, इटावा। सर्वजन सुखाय पार्टी ने बकेवर के राजमाता गेस्ट हाउस में अपना दूसरा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर पार्टी का एक प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शिव प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

​अपने संबोधन में श्री शिव प्रसाद यादव ने पार्टी के ‘विजन और मिशन’ पर विस्तार से चर्चा की और कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सभी समाज और धर्मों का सम्मान करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने, लोगों को पार्टी से जोड़ने और राष्ट्रवाद व मानवतावाद के पथ पर चलने की सलाह दी।

​शिव प्रसाद यादव ने पार्टी के संकल्पों को दोहराया, जिसमें वृद्धावस्था पेंशन, आउटसोर्सिंग भर्ती पर रोक और मुफ्त अनाज के बदले रोजगार देने की मांग शामिल है। उन्होंने सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, अभिव्यक्ति की आज़ादी की सीमा तय करने और हर वर्ग के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खाद की कमी है, लेकिन शराब की उपलब्धता बनी हुई है।

​इस दौरान उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर शानदार सामाजिक, शैक्षिक और सेवा कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आग्रह किया।

​प्रशिक्षण शिविर में कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष विवेक यादव, प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव  उमेश यादव, रामशंकर शर्मा, सत्यराम यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव, भगवान सिंह यादव, प्रदेश महासचिव अभिलाख यादव, रामदास यादव, प्रदेश सचिव सोनेन्द्र यादव, अजय राठौर, शिव नारायण यादव और प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा रश्मि यादव शामिल थीं। इसके साथ ही, विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *