तीन निजी नलकूपों के ट्रांसफार्मरों से चोरों ने तेल उड़ाया

प्रेम कुमार शाक्य
जसवंतनगर/इटावा। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अज्ञात चोरों ने तीन निजी नलकूपों के ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी कर किसानों को भारी नुकसान पहुँचा दिया है। कुडाखर गांव में ओमप्रकाश सिंह तोमर और जय नारायण सिंह तोमर के ट्यूबवेल ट्रांसफार्मरों का तेल सोमवार रात चोरों ने खाली कर दिया। इसी तरह धरवार गांव के प्रधान रामब्रेश यादव के कुडाखर स्थित ट्यूबवेल ट्रांसफार्मर से भी तेल चोरी किया गया।
किसानों ने बताया कि तेल चोरी के कारण ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं, जिससे सिंचाई कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। किसानों ने इसे बिजली विभाग की लापरवाही बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि बलरई फीडर से सुबह 7 बजे से दोपहर 3 से 4 बजे तक सप्लाई दी जाती है। यदि रात में सप्लाई बंद रखी जाए और 11 हजार वोल्ट लाइन में दो फेस करंट बनाए रखा जाए, तो चोर करंट लगने के डर से चोरी करने से बचेंगे। सभी प्रभावित किसानों ने घटना की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *