फ्लाईओवर पर अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटा, दो युवक गंभीर घायल, हाईवे रहा बाधित

(प्रेम कुमार शाक्य)
जसवन्तनगर/इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर शाम फिरोजाबाद जिले के थाना नगला खंगर क्षेत्र के गाँव नगला गंगा भदान के रहने वाले दो युवक फ्लाईओवर पर हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब मोनू धाकरे पुत्र रामेंद्र पाल (28) और सुभाष कुशवाह पुत्र बाबूराम कुशवाह (40) धान मिल में धान बेचकर अपने घर लौट रहे थे। केस्त गाँव के समीप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित फ्लाईओवर ब्रिज पर उनका वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। घटना के दौरान उनके परिजन भी दूसरे वाहन से पीछे आ रहे थे, जिन्होंने तुरंत घायलों को संभाला और नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मनीष कुमार और शिवशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। इसी दौरान इंसीडेंट मैनेजर सुनीत चौहान हाइड्रा मशीन लेकर मौके पर पहुंचे और पलटे वाहन को सड़क से हटवाकर हाईवे को क्लियर कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
उल्लेखनीय है कि बीते दिवस भी इसी मार्ग पर ईंटों से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हाईवे जाम हो गया था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से राहगीरों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *