किसान के घर पाँच लाख की चोरी से हड़कंप पुलिस तलाश में जुटी 

जसवंतनगर,इटावा। नगला नवल में सोमवार रात एक किसान के घर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोर छत के रास्ते घर में घुसे और खाली कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर गए। सुबह चोरी का पता चलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और ग्राम में दहशत का माहौल बन गया।
किसान ब्रज गोपाल यादव ने बताया कि रात में वे छत पर बने कमरे में सो रहे थे,जबकि उनकी पत्नी नीतू यादव नीचे बरामदे में और पुत्र अभिषेक बरामदे के पास वाले कमरे में सोया था। चोरी वाला कमरा खाली पड़ा था। चोर खुले सीढ़ियों से नीचे उतरकर उसी कमरे में पहुंचे और आलमारी से सोने की अंगूठी,चार कंगन,दो जोड़ी झुमकी,दो जंजीर और चांदी की पायल की जोड़ी चुराकर फरार हो गए।
सुबह करीब 10 बजे अभिषेक बीएससी परीक्षा के लिए आधार कार्ड निकालने गया,तब घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि यह वारदात किसी स्थानीय संदिग्ध तत्व द्वारा की गई हो सकती है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा ग्रामीणों से पूछताछ जारी है।
किसान ब्रज गोपाल के अनुसार चोरी हुए आभूषणों की कीमत लगभग पाँच लाख रुपये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *