इटावा ।कलयुग में रिश्तों की मर्यादा एक बार फिर तार-तार हो गई है। जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में ‘प्यार के खातिर’ एक भांजी ने अपने ही सगे रिश्तों को दागदार कर दिया। अपने प्रेमी के शौक पूरे करने और उसके साथ नई दुनिया बसाने के लिए भांजी ने अपनी ही मामी के घर में डाका डाल दिया और लाखों के जेवरात पार कर दिए।
शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने इस हाई प्रोफाइल चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाली भांजी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी किए गए लगभग 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं।

घटना 19 नवंबर 2025 की है जिसकी सूचना के बाद 21 नवंबर को मुकद्दमा दर्ज किया गया था बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम इन्द्रावखी निवासी कामिनी पत्नी पुष्पेन्द्र सिंह ने थाने में तहरीर दी थी कि उनके घर से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए हैं। इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बकेवर पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए थे। आज 5 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर बकेवर पुलिस अहेरीपुर चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी निवाड़ी कला क्षेत्र की तरफ से आ रहे संदिग्धों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश उर्फ गोलू (प्रेमी) पुत्र राजवीर सिंह निवासी नगला भदोरिया, थाना बकेवर और शिकायतकर्ता की भांजी (अभियुक्ता) के रूप में हुई है।
भांजी ने प्रेमी के कहने पर रची थी पूरी साजिश
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि वे दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और पैसे की तंगी के कारण उन्होंने यह योजना बनाई थी। भांजी को अपनी मामी के घर के बारे में सारी जानकारी थी कि गहने कहाँ रखे हैं। मौका पाकर उन्होंने 21 नवंबर को योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के पीली और सफेद धातु (सोने और चांदी) के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि बरामदगी शत-प्रतिशत है, जो पुलिस टीम की एक बड़ी सफलता है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि कैसे प्रेम प्रसंग के चलते एक लड़की ने अपने ही ननिहाल के भरोसे को तोड़ दिया।
