इटावा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश के साथ जनपद में भी पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती ‘सुशासन दिवस’ के रूप में धूमधाम से मनाई गई। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने जन-जन के प्रिय नेता को याद किया।

जयंती की पूर्व संध्या पर जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ अटल जी की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर उन्हें भावांजलि अर्पित की। जयंती के मुख्य अवसर पर अटल (डीएम) चौक स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष जिलाध्यक्ष ने पदाधिकारियों के साथ केक काटा और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात जिला कार्यालय पर अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर मिष्ठान वितरण किया गया।
अटल जी के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बस स्टैंड परिसर में उनके विशाल व्यक्तित्व पर आधारित “अटल प्रदर्शनी” का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन सदर विधायक सरिता भदौरिया एवं जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में अटल जी के जीवन संघर्ष और उनकी उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है।
अटल जी का जीवन राष्ट्रभक्ति का प्रतीक: सरिता भदौरिया
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का संपूर्ण जीवन लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का जीवंत प्रतीक रहा है। पोखरण परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज और ग्राम सड़क योजना जैसी उनकी दूरगामी सोच ने भारत को नई दिशा दी। उन्होंने गठबंधन सरकार को सफलतापूर्वक चलाकर साबित किया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है।

सुशासन और सेवा का संकल्प: अन्नू गुप्ता
जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने कहा कि अटल जी की प्रेरणा से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुशासन और गरीब कल्याण की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाएं अटल जी के सपनों को साकार कर रही हैं।
इस अवसर पर जिला महामंत्री शिवाकांत चौधरी, प्रशांत राव चौबे, ब्लॉक प्रमुख गणेश राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी रोहित शाक्य, अंशुल दुबे, हरनाथ कुशवाहा, देवप्रताप भदौरिया, विवेक भदौरिया, शिवकिशोर धनगर, जितेंद्र गौड़, रजत चौधरी, राहुल राजपूत, डॉ. ज्योति वर्मा, संजीव भदौरिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
