इटावा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार ‘अन्नू’ गुप्ता का जन्मदिन भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे जनपद में हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के होटल ग्रांड पैराडाइज में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने जन्मदिन के विशेष अवसर पर जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने अपनी धर्मपत्नी और महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनीता गुप्ता व पार्टी पदाधिकारियों के साथ धार्मिक स्थलों पर जाकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने ‘कालीवाहन मंदिर’ में माता रानी और ‘पिलुआ महावीर मंदिर’ में बजरंगबली के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने ईश्वर से समस्त जनपदवासियों की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
पिलुआ मंदिर परिसर में पीठाधीश्वर हरभजनदास महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में जिलाध्यक्ष ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान महाराज जी ने उन्हें शुभाशीष प्रदान किया।
गांधी नगर स्थित उनके आवास पर सुबह से ही बधाई देने वालों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। दोपहर 1 बजे से होटल ग्रांड पैराडाइज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में देर रात तक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का ताँता लगा रहा। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष को बड़ी माला, पटका, शॉल और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके दीर्घायु होने की कामना की।
जन्मदिन पर मिले अपार स्नेह से अभिभूत होकर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि—
”जन्मदिन के अवसर पर मित्रों, स्वजनों और कार्यकर्ताओं से मिला यह स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल है। आप सभी का यह सहयोग मुझे जनसेवा के कार्यों के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है। मैं आप सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”
