मतदाता सूची में कोई भी फर्जी नाम न रहे, पूरी तरह शुद्ध हो सूची: डीएम

(प्रेम कुमार शाक्य)
जसवंतनगर/इटावा। विधानसभा व लोकसभा चुनाव को लेकर चल रहे मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला ने नगर क्षेत्र के जीजीआईसी स्थित तीन मतदान बूथों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, त्रुटिरहित और पारदर्शी होनी चाहिए। किसी भी स्थिति में अपात्र या फर्जी नाम सूची में शामिल न होने पाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं की फोटो स्पष्ट नहीं है, उनके फोटो तत्काल बदले जाएं। पात्र नए मतदाताओं के नाम अनिवार्य रूप से जोड़े जाएं और नाम, पता, आयु या मकान संख्या से जुड़ी सभी त्रुटियों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर मौजूद मतदाताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत के निर्देशन में नगर क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर पुनरीक्षण अभियान जारी रहा। हिंदू विद्यालय में बूथ संख्या 88 पर बीएलओ अंसार हुसैन, 89 पर प्रीती शुक्ला, 90 पर प्रवेंद्र सिंह तथा 91 पर सुनीता ने मतदाताओं को सूची पढ़कर सुनाई। वहीं जीजीआईसी परिसर में बूथ संख्या 75 पर सीमा पाल, 76 पर आमिर खान और अनिता यादव ने मतदाता सूची का सत्यापन कराया।
नगर के हिंदू विद्यालय में सुबह मतदाता सूची का सार्वजनिक पठन कराया गया, जिसमें मोहन की मड़ैया, कोठी केस्त, लुधपुरा पूर्वी व पश्चिमी क्षेत्रों की सूचियां पढ़ी गईं। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत मौके पर पहुंचे और बीएलओ को निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं की फोटो गलत या अस्पष्ट है, उनका नया फोटो लेकर तत्काल संशोधन कराया जाए।
इस दौरान नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता एवं विधायक प्रतिनिधि अजेंद्र सिंह गौर ने शिकायत की कि कई स्थानों पर एक ही मकान में अनेक मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, जबकि कई मतदाताओं के मकान नंबर शून्य दर्शाए गए हैं। इसके अलावा एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज होने से मतदाताओं को भारी परेशानी हो रही है।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं के मकान नंबर बदले हैं, वे मोबाइल नंबर जोड़कर शुद्धिकरण कराएं। जिनका नाम छूट गया है, वे फॉर्म-6 भरें तथा आपत्ति होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी मतदाता को उसके अधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा। कोठी कैस्त निवासी गुंजन ने भी नाम कटने की शिकायत की, जिस पर जांच का भरोसा दिलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *