पुलिस ने की बैंकों और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा जांच, सीसीटीवी व अलार्म परखा

इटावा। जनपद में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत जिले भर के बैंकों और वित्तीय संस्थानों में सघन चेकिंग की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा, बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशानुसार जनपद के समस्त थाना प्रभारियों, थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बैंकों का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने बैंक परिसर के भीतर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की कवरेज, अलार्म सिस्टम और अन्य तकनीकी सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता को जांचा गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्हें निर्देश दिए गए कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। साथ ही, बैंक में आने वाले ग्राहकों और कर्मचारियों को जागरूक करते हुए पुलिस ने कहा कि बैंक परिसर के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।संदिग्ध वाहनों और बिना काम के घूमने वाले युवकों पर कड़ी नजर रखी जाए। आपातकालीन स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल सूचित करें।

एसएसपी के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बैंक संबंधी लूट, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है। पुलिस ने आमजन को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा और मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *