प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्रवाई हो दिलाया न्याय:सीओ

जसवंतनगर,इटावा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा,सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चल रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत सर्किल में प्रभावी कार्यवाही देखने को मिली। अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीमों द्वारा कुल 53 प्रार्थना पत्र प्राप्त कर उन पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई। संकलित सभी प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल के संज्ञान में लाए गए, जिनके निर्देश पर संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से निस्तारण की प्रक्रिया प्रारंभ कराई गई है, ताकि पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से मिल सके।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण एवं सीओ आयुषी सिंह के नेतृत्व में थाना जसवंतनगर, थाना बलरई और थाना बढ़पुरा की मिशन शक्ति टीमों ने ग्राम चौपालों, जनसंपर्क कार्यक्रमों तथा फील्ड भ्रमण के दौरान महिलाओं एवं आमजन से संपर्क कर आवेदन प्राप्त किए। प्राप्त प्रार्थना पत्रों में वृद्धावस्था पेंशन, बाल सेवा योजना (अनाथ), विधवा पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, राशन कार्ड और दिव्यांगजन पेंशन से संबंधित आवेदन शामिल रहे।
थाना-वार आंकड़ों के अनुसार थाना जसवंतनगर से 11,थाना बलरई से 18 और थाना बढ़पुरा से 23 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मिशन शक्ति टीम ने सभी आवेदनों का संकलन, परीक्षण और वर्गीकरण कर उन्हें संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए अग्रसारित किया।
पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से इन प्रकरणों पर संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान शासन की योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभान्वित किया जा रहा है, जिससे पुलिस के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *