बाबा साहेब अंबेडकर की मूर्ति का हाथ तोड़ा, स्कूली छात्रों ने देखा तो फैली सनसनी

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घर पंचायत बाहरपुर के मजरा ग्राम कोठी मिरायां में स्थापित संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से अराजकतत्वों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा का हाथ तोड़ दिया, जिससे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह स्कूल जा रहे स्कूली बच्चों की नजर क्षतिग्रस्त मूर्ति पर पड़ी। बच्चों द्वारा गांव में जानकारी देने के बाद देखते ही देखते खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब चार वर्ष पूर्व प्रेम चंद्र दोहरे ने प्रशासन से विधिवत अनुमति लेकर अपने खेत में डॉ. भीमराव अंबेडकर और गौतम बुद्ध की प्रतिमाएं ग्रामीणों के सहयोग से स्थापित कराई थीं। प्रतिमाओं की देखरेख के लिए खेत में एक छोटा कमरा भी बनवाया गया था, जिसमें प्रेम चंद्र स्वयं रहकर निगरानी करते थे।
हालांकि, बीते करीब दो महीनों से प्रेम चंद्र बाहर गए हुए हैं, जिसके चलते स्थल की देखरेख नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान अज्ञात अराजकतत्वों ने पास लगे सीसीटीवी कैमरे से भी छेड़छाड़ कर उसे खराब कर दिया, जिससे निगरानी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर एसपी ग्रामीण श्रीसचन्द्र, एसडीएम काव्या सी, सीओ भरथना रामदवन मौर्य, थानाध्यक्ष विक्रम सिंह एवं इंस्पेक्टर क्राइम अरिमर्दन सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

वहीं सूचना मिलते ही आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुन्दरम सिंह, नगर अध्यक्ष अमन सिद्दीकी तथा भीम आर्मी के पूर्व महासचिव रामनारायण सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। महिलाओं समेत ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, नई प्रतिमा स्थापना और सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की।

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नई प्रतिमा स्थापित कराने और मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण कुछ हद तक शांत हुए। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों में जितेन्द्र प्रताप सिंह, नितिन प्रकाश सिंह, भारत सिंह, शाहब सिंह, अजब सिंह, चंद्रशेखर, रामजीत, किरण देवी, शकुन्तला, सीमा देवी, वीरमती, चमेली, मंजू, सरिता, रूबी,अंगूरी देवी, सुकेश सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है नई मूर्ति मंगवाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *