इटावा। जनपद इटावा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में सम्पन्न हुआ। यह कार्यक्रम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद लखनऊ, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में इटावा विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संजय शर्मा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय शर्मा (प्रधानाचार्य, S.D. इंटर कॉलेज) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में गुफरान अहमद (प्रधानाचार्य, इस्लामिया कॉलेज इटावा), डॉ. उमेश (प्रधानाचार्य, चित्रगुप्त इंटर कॉलेज), पवन (प्रबंधक, एच.एन. इंटर कॉलेज) सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिला समन्वयक डॉ. मुकेश कुमार (इटावा विज्ञान क्लब) की विशेष भूमिका रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव एवं प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर के साथ सभी अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के पूजन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। तत्पश्चात महान वैज्ञानिक C. V. Raman को श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित किए गए।
इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विशेष रूप से बेसिक शिक्षा विद्यालय इटावा एवं कंपोजिट विद्यालय रायपुरा के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान गैलरी, पेंटिंग प्रतियोगिता, विज्ञान क्विज, विज्ञान मॉडल एवं वैज्ञानिक परियोजनाओं की प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त सर सी. वी. रमन पर निबंध लेखन, वाद-विवाद एवं विचार-चर्चा का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के छात्रों द्वारा तैयार की गई विज्ञान गैलरी एवं मॉडल प्रदर्शनी ने सभी अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी विचारों एवं वैज्ञानिक सोच का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। जिला विज्ञान क्लब की ओर से डॉ. मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता एवं नवाचार की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
समग्र रूप से यह आयोजन अत्यंत सफल, ऊर्जावान एवं ज्ञानवर्धक रहा।
इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने के साथ-साथ उन्हें नवाचार एवं शोध की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने सभी सहयोगियों एवं प्रतिभागियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
