इटावा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस एवं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इटावा की नंदिनी पांडे (नंदिनी नंदगिरी), किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर के नेतृत्व में सराहनीय सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सरोज वृद्धा आश्रम में रह रहे बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों को साड़ियां, फल तथा भीषण गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से छाछ का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान आश्रम में मौजूद बुजुर्गों का सम्मान करते हुए उनका हालचाल भी जाना गया।

इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृद्धाश्रम के बाहर स्थित पार्क में वृक्षारोपण भी किया गया। महामंडलेश्वर नंदिनी पांडे ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वृद्धजनों की सेवा के लिए भी आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी देखभाल करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

कार्यक्रम को देखकर स्थानीय लोगों ने किन्नर समाज द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक एवं मानवीय कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवियों से भी वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की गई।
