गौ रक्षा के मुद्दे पर सरकार पर बरसे शंकराचार्य, बोले- “नकली हिंदुओं की सरकार, गाय के नहीं हुए तो किसी के नहीं होंगे”

इटावा। ज्योतिष पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज शनिवार को अपनी गौ प्रतिष्ठा एवं गौ रक्षा यात्रा के तहत इटावा पहुंचे। शहर के टिक्सी मंदिर के निकट स्थित विठ्ठल आश्रम में उनके आगमन पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भव्य स्वागत किया।
मीडिया से वार्ता करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि गौ माता के प्राणों और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए यह यात्रा निकाली गई है। उन्होंने बताया कि 3 मई को गोरखपुर से यात्रा की शुरुआत हुई थी और अब तक उत्तर प्रदेश की लगभग 150 विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए वे इटावा पहुंचे हैं। उनका उद्देश्य प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं से संपर्क कर गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण करना है।
उन्होंने कहा कि गौ रक्षा के मुद्दे पर संत समाज और गौ सेवकों के साथ बड़ा धोखा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान एक राजनीतिक दल ने स्वयं को गौ रक्षक बताते हुए समर्थन मांगा था और गौ हत्या रोकने के बड़े-बड़े वादे किए थे। पहली सरकार में उम्मीद थी कि कार्य होगा, दूसरी बार भी भरोसा रखा गया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। तीसरी बार भी अपेक्षाएं पूरी नहीं हुईं, जिससे गौ सेवकों में निराशा बढ़ी है।
2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने संबंधी संत रामभद्राचार्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शंकराचार्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने 370 सीटें पार करने की बात कही थी, लेकिन जनता ने उनकी बात नहीं मानी। ऐसे में बिना जनमत के भरोसे इस प्रकार के दावे करने से बचना चाहिए।
गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित किए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस विषय पर सबसे पहले आगे आना चाहिए था। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ स्वयं को सन्यासी, योगी और धार्मिक व्यक्ति बताते हैं, लेकिन गौ संरक्षण के मुद्दे पर उनसे सबसे अधिक निराशा मिली है।
शंकराचार्य ने कहा कि जो सरकारें हिंदुत्व की बात करती हैं, उन्हें सबसे पहले गौ माता की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि “जब कोई गाय को धोखा दे सकता है तो वह किसी को भी धोखा दे सकता है।”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु एवं गौ सेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *