इटावा।पुलिस द्वारा जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन एवं बिना नम्बर प्लेट वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्यवाही की गई है। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना वैदपुरा पुलिस टीम ने खनन विभाग एवं परिवहन विभाग (आरटीओ) के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान वैदपुरा चौराहा पर सघन चेकिंग करते हुए ओवरलोड वाहनों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों तथा बिना वैध प्रपत्रों के परिवहन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत कुल 05 डम्पर/ट्रक सीज किए गए, जबकि विभिन्न उल्लंघनों में कुल 8 लाख रुपये का सम्मन शुल्क वसूला गया।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग अथवा अवैध परिवहन से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल स्थानीय पुलिस या संबंधित विभाग को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर इटावा पुलिस का सख्त एक्शन, 5 डम्पर सीज, 8 लाख का जुर्माना
