इटावा। वर्तमान कृषि परिदृश्य में पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभावों को देखते हुए किसान अब वैकल्पिक खाद प्रणाली की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। जनपद इटावा में नैनो उर्वरक किसानों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। कम लागत, आसान उपलब्धता और अधिक उत्पादन के चलते किसानों का रुझान इनकी ओर लगातार बढ़ रहा है।

किसानों को नैनो उर्वरकों के प्रति जागरूक करने के लिए इफको इटावा द्वारा विभिन्न प्रदर्शन, किसान सभाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह ने ब्लॉक बसरेहर के ग्राम शंकरपुर, राजपुरा और आशानंदपुर में किसानों के खेतों का निरीक्षण कर नैनो उर्वरकों के प्रयोग का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को पीएम प्रणाम योजना की जानकारी देते हुए नैनो उर्वरकों के साथ जैव उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

ग्राम शंकरपुर के किसान रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने मक्का, खरबूजा, तरबूज, भिंडी और गोभी सहित कई फसलों में नैनो उर्वरकों का उपयोग किया है। इससे दानेदार यूरिया और डीएपी पर निर्भरता कम हुई है तथा नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के प्रयोग से बेहतर उत्पादन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकांश सब्जियों में केवल नैनो उर्वरकों का ही प्रयोग किया गया है और रासायनिक खाद का उपयोग नहीं किया गया।
इसी प्रकार ग्राम राजपुरा के किसान सुनील कुमार जाटव ने घुइया की फसल में दानेदार डीएपी की मात्रा आधी कर नैनो डीएपी का छिड़काव किया, जिससे फसल की वृद्धि बेहतर हुई है। उन्होंने अन्य किसानों को भी इसके उपयोग के लिए प्रेरित करने की बात कही।
ग्राम आशानंदपुर के किसान मेहरबान सिंह ने मक्का की फसल में केवल बीजोपचार के रूप में नैनो उर्वरक का प्रयोग किया। उनका खेत अन्य खेतों की तुलना में बेहतर स्थिति में पाया गया, जिसमें दाने पूर्ण विकसित हैं और फसल अच्छी गुणवत्ता की है। उन्होंने भी किसानों से नैनो उर्वरकों के उपयोग की अपील की।
विशेषज्ञों के अनुसार नैनो डीएपी से बीज शोधन 5 मिली प्रति किलो बीज की दर से करने के बाद बुवाई की जाती है तथा 30 से 35 दिनों के भीतर नैनो यूरिया प्लस और नैनो डीएपी का 5 मिली प्रति लीटर पानी की दर से छिड़काव करने पर बेहतर उत्पादन प्राप्त हो रहा है।
इस अवसर पर इफको के क्षेत्र प्रबंधक सौरभ पाण्डेय, सहायक उमाशंकर, बी-पैक्स बसरेहर सचिव विवेक कुमार तथा सीएससी आशानंदपुर संचालक गौरव बाबू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
