इटावा, 15 जून। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा श्री रजत सिंह जैन के आदेशानुसार सोमवार को जनपद न्यायालय इटावा के सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा के तत्वावधान तथा जिला अस्पताल इटावा के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 13 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश श्री रजत सिंह जैन का भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, न्यायालय कर्मचारियों, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मंत्री सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे। उपस्थित वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताया तथा अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
