इटावा। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के नगला मुकुंदी निवासी पार्वती पत्नी बादशाह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर एक किन्नर पर उसके नाम और पते का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने का आरोप लगाया है।
पार्वती का आरोप है कि बेला रानी उर्फ समीर नामक किन्नर ने आर्थिक एवं भौतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से उसकी जानकारी और सहमति के बिना उसके नाम-पते का उपयोग करते हुए फर्जी पहचान पत्र एवं आधार कार्ड बनवा लिया है। शिकायत के अनुसार बेला रानी द्वारा विभिन्न दस्तावेजों में अलग-अलग नाम और पते दर्ज कराए गए हैं, जिससे भविष्य में उसे कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
पीड़िता ने बताया कि इस संबंध में उसने 29 अप्रैल को थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि 14 जून को उसके पति जब घर लौट रहे थे, तभी बेला रानी और उसके साथी करण जाटव निवासी किल्ली रोड, बसरेहर ने उनका रास्ता रोक लिया। पीड़िता के अनुसार करण जाटव ने उनके पति के साथ मारपीट की तथा शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थना पत्र में पार्वती ने यह भी आरोप लगाया है कि बेला रानी के विरुद्ध विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसने कई स्थानों पर पार्वती का नाम व पता अपना बताकर दर्ज करा रखा है। इससे भविष्य में किसी भी कानूनी कार्रवाई या जांच की स्थिति में निर्दोष होने के बावजूद उसे परेशान किया जा सकता है।
पीड़िता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
फर्जी आधार-वोटर कार्ड बनवाने का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से की शिकायत
