इटावा में 8 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई UPTET-2026, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

इटावा, 2 जुलाई। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 जनपद के 8 परीक्षा केंद्रों पर गुरुवार को शासन की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), के.के. डिग्री कॉलेज, सोराबल इंटर कॉलेज, पंचायती राज महाविद्यालय, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, सनातन इंटर कॉलेज तथा इस्लामिया इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, स्ट्रॉन्ग रूम, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और अन्य अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कड़ी निगरानी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनपद में प्रथम एवं द्वितीय पाली में 3,480-3,480 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 2,899 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 581 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
पूरी परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से UPTET-2026 जनपद में पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। निरीक्षण के दौरान संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *