इटावा। लगातार बढ़ती जा रही जनसंख्या से पानी, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की मांग भी बढ़ती जा रही है। हाल यह है जंगल कट रहे हैं, नदियां सिकुड़ रही हैं, शहरों में भीड़ बढ़ती जा रही है। ऐसे में यदि समय रहते योजना नहीं बनाई गई तो आने वाली पीढ़ी को काफी परेशानियां उठानी पड़ सकती है।
यह बात श्री सत्यनारायण समाज सेवा संस्थान की सचिव डॉ ज्योति वर्मा ने ब्लाक बसरेहर के उच्च प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर कंपोजिट में छात्राओं के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम एवं विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर कही। 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस इसलिए मनाते हैं ताकि हम समझ सकें कि बढ़ती आबादी हमारे जीवन, संसाधनों और भविष्य को कैसे प्रभावित करती है। इस चुनौती से निपटना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। छात्राओं से कहा कि वह पढ़ लिखकर अपना, विद्यालय, गांव, परिवार एवं समाज का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यालय स्टाफ एवं छात्राओं के साथ पौधरोपण भी किया। साथ ही सभी से पर्यावरण की खातिर पौधरोपण करने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार,सहायक अध्यापक धर्मेंद्र कुमार समेत विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
