इटावा, 11 जुलाई। 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों का जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने शनिवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (आवासीय परिसर) पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण स्थल, मंच, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृहद वृक्षारोपण अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा जन आंदोलन है। उन्होंने जनपदवासियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़कर पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान सामाजिक निदेशक वानिकी विकास नायक, उप प्रभागीय वनाधिकारी अंशुमान मित्तल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
