शिवा कॉलोनी में कलश के साथ श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

इटावा। शहर के शिव शक्ति दुर्गा मंदिर, शिवा कॉलोनी (मैनपुरी फाटक) में श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा एवं भक्ति ज्ञान यज्ञ समारोह का शुभारंभ सोमवार को 21 कलशों की भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इसके बाद दोपहर 2 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत आरंभ हुआ।


समारोह में सरस कथा वाचक पंडित महेश चंद्र पांडे अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं। कथा का आयोजन अनिल कुमार गौर, अधिवक्ता, पूर्व अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन इटावा, प्रदेश उपाध्यक्ष ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन एवं अध्यक्ष जनता इंटर कॉलेज, मीठेपुर के परीक्षितत्व में हो रहा है। यज्ञकर्ता मनोज कुमार सिंह गौर, अधिवक्ता एवं प्रबंधक जनता इंटर कॉलेज, मीठेपुर हैं।
प्रथम दिवस कथा में आचार्य पंडित महेश चंद्र पांडे ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने से मनुष्य के समस्त कष्ट और पाप नष्ट हो जाते हैं तथा उसका जीवन पवित्र और सफल बन जाता है। उन्होंने कहा कि अनेक अश्वमेध यज्ञ भी श्रीमद्भागवत कथा के पुण्य की बराबरी नहीं कर सकते। गंगा, गया, काशी, पुष्कर और प्रयाग जैसे महान तीर्थ भी भागवत कथा की महिमा के समक्ष अद्वितीय हैं। भागवत भगवान के श्रीमुख से निकला दिव्य वचन है, जिसे श्रद्धा से सुनने वाला मनुष्य धन्य हो जाता है।
कथा के दौरान “श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेवा” भक्ति गीत पर पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में झूम उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर कथा का श्रवण किया।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा का समापन 19 जुलाई को होगा, जबकि 20 जुलाई को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *