जलभराव में डूबे दो मासूमों के परिजनों को मिली चार-चार लाख रुपये की सहायता

इटावा, 3 जून। तहसील सदर के विकासखंड एवं थाना बसरेहर क्षेत्र के ग्राम कृपालपुर, मौजा अमृतपुर में खेत में बने जलभरावयुक्त गड्ढे में डूबने से हुई दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के मामले में जिला प्रशासन ने मृतकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता प्रदान की है।
ज्ञात हो कि 1 जून 2026 को हुए इस हादसे में श्री राजकुमार की 10 वर्षीय पुत्री मनीषा तथा श्री मनोज के 8 वर्षीय पुत्र प्रियांशु की डूबने से मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राहत सहायता की प्रक्रिया पूरी कराई।


शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत दोनों मृतक बच्चों के परिवारों को दैवीय आपदा राहत मद से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने शोकाकुल परिवारों को सहायता राशि के चेक वितरित किए और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर सहित राजस्व विभाग एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, इटावा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु एवं जलभराव की स्थिति में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। खेतों में बने गड्ढों, तालाबों, नहरों तथा अन्य जलभराव वाले स्थानों के आसपास बच्चों को अकेले न जाने दें, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
जिला प्रशासन ने किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05688-250077, 05688-297204 तथा टोल फ्री हेल्पलाइन 1077 पर संपर्क करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *