एनसीसी कैंप में सेना भर्ती प्रक्रिया की दी गई जानकारी, कैडेट्स हुए प्रेरित

इटावा। 4 यूपी एनसीसी बटालियन इटावा द्वारा एमनीव विज़न स्कूल, साँई सिटी उदयपुरा, फर्रूखाबाद रोड पर आयोजित 10 दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस आगरा से आए मेजर डॉ. ब्रह्माम येंगाली ने कैडेट्स को भारतीय सेना में भर्ती की विभिन्न प्रक्रियाओं और करियर अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।


अपने संबोधन में उन्होंने अग्निवीर योजना, सैनिक भर्ती, एनडीए, सीडीएस, तकनीकी प्रवेश योजनाओं सहित अधिकारी बनने के विभिन्न मार्गों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सेना में चयन के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ शारीरिक दक्षता, मानसिक क्षमता, नेतृत्व कौशल और अनुशासित जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है।
मेजर येंगाली ने ऑनलाइन आवेदन, शारीरिक परीक्षा, लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण जैसे भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी देते हुए कैडेट्स को चिकित्सा मानकों और फिटनेस के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सेना की विभिन्न शाखाओं, तकनीकी सेवाओं तथा अन्य करियर संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
इस दौरान आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस आगरा की ओर से सेना भर्ती संबंधी पैम्फलेट और पोस्टर भी वितरित किए गए, जिससे कैडेट्स को भर्ती प्रक्रिया एवं अवसरों की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो सके।
मेजर येंगाली ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करती है। उन्होंने कैडेट्स को निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने सेना भर्ती और करियर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह सत्र सेना में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक साबित हुआ।


इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल सुधांशु द्विवेदी, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश, सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल), कंपनी हवलदार मेजर विजयंत सिंह चौहान सहित 4 यूपी एनसीसी बटालियन के अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *