सेनाध्यक्ष ने इटावा के सूबेदार मेजर रघुराज सिंह को दिया वेटरन्स अचीवर्स अवॉर्ड

इटावा। भारतीय सेना में 30 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सूबेदार मेजर रघुराज सिंह को उनकी उल्लेखनीय सैन्य एवं सामाजिक सेवाओं के लिए सेना के सर्वोच्च वेटरन सम्मान “वेटरन्स अचीवर्स अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी द्वारा लखनऊ स्थित कमांड मुख्यालय में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।


सूबेदार मेजर रघुराज सिंह वर्ष 1985 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे तथा वर्ष 2015 में सेवानिवृत्त हुए। अपने 30 वर्षीय सैन्य जीवन में उन्होंने ऑपरेशन मेघदूत, ऑपरेशन रक्षक, ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन कारगिल एवं ऑपरेशन पराक्रम जैसे महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्रों से लेकर सियाचिन ग्लेशियर, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम जैसे दुर्गम एवं संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों में उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा एवं साहस के साथ राष्ट्र सेवा की।
सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा असहाय सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया। उनकी सेवाओं को देखते हुए भारतीय पूर्व सैनिक लीग ने वर्ष 2017 में उन्हें इटावा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सैनिक कल्याण विभाग के सहयोग से पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भारतीय पूर्व सैनिक लीग के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रिगेडियर इंद्रमोहन सिंह तथा उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष मेजर योगेंद्र सिंह कटियार ने उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश का जनरल सेक्रेटरी नियुक्त किया। इस दायित्व का निर्वहन करते हुए उन्होंने प्रदेश के अनेक जिलों में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं सैनिक परिवारों की सहायता हेतु प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने डीएफसीसीआईएल एवं डीजीआर सहित विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से लगभग एक हजार पूर्व सैनिकों को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इसी समर्पित सेवा, नेतृत्व क्षमता एवं समाज के प्रति योगदान को सम्मानित करते हुए भारतीय सेना ने उन्हें “वेटरन्स अचीवर्स अवॉर्ड” से सम्मानित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *