इटावा।उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 का पहला दिन सोमवार को इटावा में शांतिपूर्ण और नकलविहीन माहौल में संपन्न हुआ। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरे दिन सक्रिय रहा।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। फ्रिस्किंग, पहचान पत्र सत्यापन तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई थी। अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।

पहली पाली की परीक्षा के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने परीक्षा के स्तर को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं दीं। ललितपुर के विवेक कुमार ने परीक्षा को मध्यम स्तर का बताया और कहा कि इस बार व्यवस्थाएं पहले की अपेक्षा बेहतर नजर आईं। वहीं जालौन के अभिषेक कुमार ने प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत आसान बताते हुए कटऑफ अधिक जाने की संभावना जताई।
हालांकि परीक्षा केंद्रों के भीतर की व्यवस्थाओं की सराहना हुई, लेकिन बाहर भीषण गर्मी के बीच बैठने और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था न होने पर कुछ अभ्यर्थियों एवं परिजनों ने नाराजगी व्यक्त की। उनके अनुसार केंद्रों के बाहर मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जनपद में यह भर्ती परीक्षा तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें कुल 25 हजार 632 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रशासन ने शेष पालियों को भी शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।
