इटावा, 11 मई। AIMSATYAA INTERNATIONAL (P) LTD द्वारा संचालित “अनंत मिशन” के अंतर्गत सोमवार को कृष्णा पैलेस होटल, सैफई रोड, इटावा में भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं शैक्षिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय शिक्षा प्रणाली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स एवं एडवांस टेक्नोलॉजी को विद्यालय स्तर तक पहुंचाकर विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) इटावा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) इटावा एवं एडीआईओएस डॉ. मुकेश कुमार यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व डीन, सीएसए यूए एंड टी कैंपस इटावा डॉ. एन.के. शर्मा ने भारतीय शिक्षा के भविष्य में तकनीकी शिक्षा की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में एआई और आधुनिक तकनीक विद्यार्थियों के करियर निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गोविंद सिंह ने की। उन्होंने कहा कि “अनंत मिशन” का उद्देश्य देश के प्रत्येक छात्र को आधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षित कर रोजगार, नवाचार एवं उद्यमिता के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में एआई और रोबोटिक्स प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, इसलिए विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही तकनीकी शिक्षा से जोड़ना आवश्यक है।
कंपनी के CTO एवं COO संजय सिंह तोमर ने “अनंत लैब” की जानकारी देते हुए बताया कि छात्रों को Robotics, AI, IoT, Machine Learning, VFX, Film Making, Gaming, Drone Technology तथा Digital Marketing जैसे आधुनिक कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे।
वहीं कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट गौरव ज्ञानार्थी ने आगामी पांच वर्षों में देशभर के विद्यालयों में “अनंत मिशन” के विस्तार की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह मिशन भारत को तकनीकी रूप से सशक्त राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षाविदों, प्रधानाचार्यों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने “अनंत मिशन” की सराहना करते हुए इसे भारतीय शिक्षा व्यवस्था के लिए दूरदर्शी एवं परिवर्तनकारी पहल बताया।
एआई, रोबोटिक्स एवं एडवांस टेक्नोलॉजी से भारतीय शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा “अनंत मिशन”
