इटावा। पुलिस ने ऊसराहार थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को घटना के महज ढाई घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, साक्ष्य बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना से संबंधित महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एवं वस्त्र बरामद किए गए हैं।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश्चन्द्र के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी भरथना रामदवन के नेतृत्व में थाना ऊसराहार पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को ग्राम मामन निवासी वादी ने थाना ऊसराहार में सूचना दी कि उसकी लगभग 8 वर्षीय पुत्री गांव के बाहर साइकिल चला रही थी। आरोप है कि गांव निवासी रामनिवास पुत्र रामसेवक उसे पैसे का लालच देकर पास स्थित बाग में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम किया। सूचना मिलते ही थाना ऊसराहार पर मु0अ0सं0 118/2026 के तहत बीएनएस की धारा 65(2), 352 एवं 5M/6 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भरथना ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीम को सूचना मिली कि मुकदमे का आरोपी तहसील के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रामनिवास को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने घटना से संबंधित साक्ष्य झाड़ियों में छिपा रखे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर बरामदगी के लिए पहुंचने पर उसने झाड़ियों में छिपा रखा .315 बोर का तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
8 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का आरोपी ढाई घंटे में गिरफ्तार, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
