राज्यमंत्री जे.पी.एस. राठौर ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

इटावा, 12 जुलाई। बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (आवासीय परिसर) में रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर ने की। उन्होंने रुद्राक्ष के पौधे में जलार्पण कर अभियान का शुभारंभ किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस वर्ष प्रदेश में 35 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जबकि इटावा में 55,18,600 पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया-2025 के अनुसार जनपद में वनावरण बढ़कर 10.88 प्रतिशत से 12.128 प्रतिशत हो गया है तथा 7127 एकड़ वन क्षेत्र की वृद्धि दर्ज की गई है। हरितिमा के क्षेत्र में इटावा प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंचा है।
कार्यक्रम में सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि वृक्ष हमें ऑक्सीजन, छाया, औषधि और जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने नगर वन की सराहना करते हुए जल संरक्षण के साथ पौधारोपण और पौधों की देखभाल का संकल्प लेने की अपील की।
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा कि पिछले नौ वर्षों से प्रदेश में अभूतपूर्व स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पौधों की शुरुआती एक-दो वर्षों तक सही देखभाल की जाए तो वे जीवनभर मानवता की सेवा करते हैं।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण, जैविक खेती एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एलविश कुशवाह, डॉ. राजीव चौहान, संजय सक्सेना, अरविंद प्रताप सिंह, डॉ. सुनीता, डॉ. आशीष त्रिपाठी, रामजनम सिंह, राहुल तोमर, अनुज कुमार, सोनी एवं धीर सिंह सहित अन्य लोगों को पौधा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर राज्यमंत्री, विधायक, जिलाधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लेकर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *