इटावा। निजी फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर कथित तौर पर करीब 1.75 करोड़ रुपये वसूलने और शिकायत करने पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में यूट्यूबर अश्वी यादव उर्फ शिवांगी यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय के आदेश पर भरथना थाना पुलिस ने मंगलवार रात करीब नौ बजे प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में जसवंतनगर के गुलाबबाड़ी निवासी आशुतोष उर्फ टोनू यादव ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
निजी फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देने का आरोप
प्रार्थी आशुतोष उर्फ टोनू यादव का आरोप है कि अश्वी यादव उर्फ शिवांगी यादव, नीतू सिंह यादव, शिवम यादव, गीतांजलि जादौन और अभिषेक यादव ने कथित तौर पर आपसी साजिश के तहत उसे दबाव में लिया। आरोप है कि व्यक्तिगत संबंधों के दौरान उसकी निजी फोटो और जानकारी हासिल कर ली गईं। बाद में इन तस्वीरों को उसकी पत्नी, परिवार, रिश्तेदारों तथा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच सार्वजनिक करने की धमकी देकर रुपये मांगे गए।
आशुतोष के मुताबिक, अप्रैल 2024 में उसे फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में बिजली कार्यालय के पास बुलाया गया और निजी फोटो सार्वजनिक करने की धमकी दी गई। भयभीत होकर वह कथित तौर पर रुपये देने लगा। प्रार्थी ने दावा किया कि तीन अप्रैल 2024 से चार मई 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों, फर्म के खाते और नकद माध्यम से कुल 1,75,68,683 रुपये दिए गए। उसने इन लेनदेन की बैंक रिकॉर्ड के आधार पर जांच कराने की मांग की है।
अलग-अलग खातों में लाखों रुपये देने का दावा
प्रार्थी के अनुसार, अश्वी यादव उर्फ शिवांगी यादव को करीब 77.16 लाख रुपये, नीतू सिंह यादव को 38.50 लाख रुपये, शिवम यादव को 72 हजार रुपये और गीतांजलि जादौन को 1.50 लाख रुपये दिए गए। इसके अलावा निर्माण सामग्री, दुकान और सैलून निर्माण समेत अन्य जरूरतों के नाम पर भी भुगतान किए जाने का आरोप है।
आशुतोष ने आरोप लगाया कि 15 नवंबर 2025 को उससे 58 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। इसके बाद यादव सीड्स फर्म के खाते से 30 लाख रुपये, 19 नवंबर को 18 लाख रुपये और 20 नवंबर को नीतू सिंह यादव को 10 लाख रुपये दिए गए। प्रार्थी का कहना है कि इन भुगतानों के बाद भी रुपये की मांग बंद नहीं हुई।
पहले 50 लाख, फिर पांच करोड़ रुपये मांगने का आरोप
प्रार्थी ने आरोप लगाया कि अभिषेक यादव ने उससे दोबारा 50 लाख रुपये की मांग की। असमर्थता जताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। आशुतोष का यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर अश्वी यादव उर्फ शिवांगी यादव के माध्यम से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई।
जिंझुआ पुल के पास कार रोककर धमकाने का आरोप
आशुतोष के मुताबिक, तीन सितंबर 2026 को वह कार से भरथना क्षेत्र के जिंझुआ स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था। शाम करीब 7:30 बजे जिंझुआ पुल के पास बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोगों ने उसकी कार रोक ली। आरोप है कि दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे और उससे पांच करोड़ रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर दुष्कर्म के मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई।
प्रार्थी का दावा है कि उसने पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर पर कॉल करने का प्रयास किया तो दोनों व्यक्ति मौके से भाग गए। उसने बैंक स्टेटमेंट, लेनदेन के रिकॉर्ड और आपातकालीन कॉल से संबंधित साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आशुतोष ने बताया कि उसने पहले पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने पर उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर भरथना थाने में पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
