एससीए शूटिंग अकैडमी इटावा के निशानेबाजों ने बरेली में मचाया धमाल

इटावा। 12 से 15 जून 2026 तक पेसिफिक शूटिंग क्लब, बरेली में एक्यूरेट एम एरिना एवं पेसिफिक शूटिंग क्लब द्वारा आयोजित प्रथम बरेली स्मार्ट सिटी शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में एससीए शूटिंग अकैडमी, इटावा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए और अकैडमी तथा जनपद का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला अधिकारी बरेली ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में एससीए शूटिंग अकैडमी के प्रतिभाशाली निशानेबाज हेमंत सिकेरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक एवं प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं उनके कोच, एससीए शूटिंग अकैडमी के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता चंद्रमोहन तिवारी ने इसी स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक एवं द्वितीय स्थान हासिल किया।

10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में राजीव कुमार ने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं सुमित कुसवां ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

प्रतियोगिता के स्टार खिलाड़ी युवराज यादव रहे, जिन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में स्वर्ण पदक, 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक तथा 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों के साथ-साथ एससीए शूटिंग अकैडमी के प्रशिक्षकों को भी विशेष सम्मान प्राप्त हुआ। बरेली के जिला अधिकारी द्वारा अकैडमी के मुख्य कोच एवं अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता चंद्रमोहन तिवारी को शूटिंग खेल के विकास एवं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं अपर जिला अधिकारी द्वारा अकैडमी के पिस्टल कोच मोहित यादव को भी उनके खेल एवं प्रशिक्षण क्षेत्र में योगदान के लिए मोमेंटो एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर एससीए शूटिंग अकैडमी के मुख्य कोच चंद्रमोहन तिवारी ने आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए नवल सेन, कमल सैहन, गवर्निंग बॉडी सदस्य सय्यद हमद अली, ओम गुप्ता तथा आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उच्च स्तरीय आयोजनों से खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक माहौल मिलता है और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में सहायता मिलती है।

खिलाड़ियों की इस सफलता पर कोच चंद्रमोहन तिवारी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अकैडमी के खिलाड़ी लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं और आने वाली प्रतियोगिताओं में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि एससीए शूटिंग अकैडमी के खिलाड़ी आगामी राज्य शूटिंग प्रतियोगिता, जो कि डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज, नई दिल्ली में आयोजित होने जा रही है, में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर इटावा, उत्तर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे।

एससीए शूटिंग अकैडमी के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। सभी ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *