इटावा। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरई थाना पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लगी एक जेसीबी को सीज कर दिया। कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में 24 सितंबर को थाना बलरई क्षेत्र के ग्राम नगला तौर के समीप मिट्टी के टीले से अवैध खनन किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बलरई पुलिस ने खनन विभाग को अवगत कराया और खनन अधिकारी बृज बिहारी प्रसाद के साथ संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान मौके पर जेसीबी से बड़े क्षेत्र में मिट्टी के टीले की खुदाई किए जाने की बात सामने आई। टीम ने मौके की जांच-पड़ताल के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी को सीज कर दिया।
पुलिस और खनन विभाग की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया कि जनपद में अवैध खनन को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
