इटावा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबिता सिंह ने थाना सिविल लाइन स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली के साथ महिला फरियादियों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एएसपी सिटी ने संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि महिला फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान और नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र पर आने वाली महिलाओं और बालिकाओं के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए, ताकि पीड़िताओं को अपनी समस्या बताने में किसी प्रकार की झिझक न हो।
एएसपी सिटी ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।
