इटावा। जिला पूर्ति कार्यालय में शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते पूर्ति निरीक्षक समेत तीन लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने की सूचना है। कार्रवाई कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पूर्ति विभाग के कार्यालय में की गई।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए लोगों में एक पूर्ति निरीक्षक, एक राशन डीलर और एक कथित दलाल शामिल हैं। एंटी करप्शन टीम की अचानक कार्रवाई से जिला पूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने लाया गया, जहां एंटी करप्शन टीम द्वारा पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में रिश्वत की मांग और कार्रवाई से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
हालांकि, आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
