इटावा। विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं ‘भारत टैक्सी’ सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सदर विधायक सरिता भदौरिया रहीं। लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दोनों योजनाओं के शुभारंभ का सजीव प्रसारण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के साथ युवाओं और वाहन चालकों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना को लेकर बताया गया कि लघु एवं सीमांत किसानों, विशेषकर नियमित ऋण अदायगी करने वाले पात्र पूर्व ऋणी सदस्यों को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से मात्र 6 प्रतिशत रियायती ब्याज दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना के लिए सरकार ने ₹384 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है और अगले पांच वर्षों में 5 लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। पात्र किसान ₹6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण प्राप्त कर सकेंगे। समय से ऋण चुकाने वाले किसानों को ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के साथ अकृषि क्षेत्र के लिए भी ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सहकारी बैंक की शाखाओं की ब्रांडिंग एवं आधुनिकीकरण तथा ऑनलाइन आवेदन के लिए समर्पित ई-पोर्टल की व्यवस्था की जाएगी।

चालकों को कमीशन से राहत, ₹5 लाख का दुर्घटना बीमा
वहीं ‘भारत टैक्सी’ सेवा को चालकों के हितों को केंद्र में रखकर तैयार किए जाने की जानकारी दी गई। सेवा में चालकों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा तथा उन्हें व्यवसाय में सीधे साझेदार के रूप में जोड़ा जाएगा। योजना से जुड़े टैक्सी चालकों को ₹5 लाख तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा।
यात्रियों के लिए सेवा में ‘नो-सर्ज प्राइसिंग’ की व्यवस्था होगी, जिसके तहत व्यस्त समय में भी अतिरिक्त किराया नहीं लिया जाएगा। ‘भारत टैक्सी’ को बड़े शहरों तक सीमित न रखकर प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) के माध्यम से प्रदेश के सभी 75 जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की योजना है।

कार्यक्रम में सदर विधायक सरिता भदौरिया ने किसानों को योजनाओं के शुभारंभ पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि का बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान शिवाकांत चौधरी,एआर कोऑपरेटिव कमलेश नारायण ,नेकराम शाक्य प्रबंधक चकरनगर ,अभिषेक कुमार वर्मा प्रबंधक सैफई ,सर्वेश चतुर्वेदी प्रबंधक भरथना ,अध्यक्ष पैक्स पैड , कृषि अधिकारी ओंकार सिंह, प्रदीप कुमार, रवींद्र सिंह यादव, आलोक कुमार, शाखा अध्यक्ष चिम्मन सिंह सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
