इटावा। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री संदीप बंसल के निर्देशन तथा प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंछल की संस्तुति पर इटावा जिला कार्यकारिणी में बड़ा फेरबदल किया गया है। नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ व्यापारी नेता आलोक गुप्ता (कल्लू) को जिलाध्यक्ष, मनोज अग्रवाल को जिला प्रभारी, धर्मेंद्र जैन को जिला महामंत्री तथा रंजीत सिंह कुशवाहा को जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं वरिष्ठ व्यापारी नेता जागेश्वर प्रसाद अग्रवाल को प्रदेश कार्यसमिति का प्रदेश मंत्री बनाया गया है।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता (कल्लू) ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के उत्पीड़न के विरुद्ध मजबूती से आवाज उठाई जाएगी तथा उनकी हर संभव सहायता की जाएगी। साथ ही भ्रष्टाचार और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ संगठन निरंतर संघर्ष करेगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही संगठन के सभी प्रकोष्ठों का विस्तार कर व्यापार मंडल को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
जिला प्रवक्ता इक़रार अहमद ने बताया कि जिले की सभी 84 इकाइयों को भंग कर दिया गया है और जल्द ही नई समितियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 1 अगस्त से 14 अगस्त तक “व्यापारी संपर्क, व्यापारी जोड़ो अभियान” चलाया जाएगा। इसके बाद 16 अगस्त से 27 अगस्त तक जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्राएं निकाली जाएंगी। 1 सितंबर को जनपद स्तरीय वाहन रैली आयोजित होगी तथा 3 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले स्वदेशी व्यापारी कुंभ में इटावा से सैकड़ों व्यापारी भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूलमालाओं और पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर हरिओम गुप्ता, हरिशंकर पटेल, संतोष वर्मा, विकास शाक्य, लल्लू वारसी, संजय वर्मा, पंकज कुशवाह, सर्वेश चौहान, नरेंद्र सिंह कुशवाहा, अर्चना कुशवाहा, वर्षा दुबे, मीरा तिवारी, अंजू यादव, बबिता कुशवाहा, रंजना सोनी, ऋषि पोरवाल, यामीन रिंकू चौधरी, मोहम्मद उवैस, मोहम्मद मुस्तकीम राईन, इंतखाब आलम सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
