इटावा, 29 जुलाई। आगामी त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने बुधवार को सरसई नावर स्थित प्रसिद्ध हजारी महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही बैरिकेडिंग, लाइन प्रबंधन और सुचारू आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर एवं आसपास के मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और सफाई कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी लगाकर स्वच्छता बनाए रखी जाए। शाम एवं रात्रि के समय श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने भीषण गर्मी एवं भीड़ को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस तथा फर्स्ट-एड किट की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क रहे।
यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मंदिर की ओर आने वाले मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बनने पाए। वाहनों की पार्किंग केवल चिन्हित स्थलों पर कराई जाए तथा रूट डायवर्जन प्लान का कड़ाई से पालन कराया जाए।
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की कि त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित कुमार तथा मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
