इटावा। 4 यूपी बटालियन एनसीसी इटावा द्वारा एमनीव विज़न स्कूल, साँई सिटी उदयपुरा, फर्रूखाबाद रोड, इटावा में आयोजित 10 दिवसीय कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप-01 का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शिविर में इटावा एवं औरैया जनपद के 26 विद्यालयों के 450 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मेडल, प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कैंप कमांडेंट कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रशिक्षण भविष्य में कैडेट्स को राष्ट्र सेवा एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाएगा।
प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 1 जून 2026 से इसी स्थान पर कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप-03 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कैडेट्स प्रतिभाग करेंगे।

समापन समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एमनीव विज़न स्कूल ओवरऑल चैंपियन रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी कैडेट्स ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर स्कूल चेयरमैन अतीवीर सिंह यादव एवं वाइस चेयरमैन डॉ. विकास यादव ने सभी कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम एवं राष्ट्रसेवा की भावना ही जीवन में सफलता का आधार है। उन्होंने सभी कैडेट्स को भविष्य में निरंतर प्रगति करने एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कैंप कमांडेंट कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने एमनीव विज़न स्कूल प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ, पुलिस प्रशासन, फायर टीम एवं मेडिकल टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं बेहतर व्यवस्थाओं के कारण शिविर का संचालन सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका। उन्होंने सभी सहयोगियों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
समापन समारोह के दौरान सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल), सूबेदार आनंद भंडारी, सूबेदार जीतराम, कंपनी हवलदार मेजर विजयंत सिंह चौहान, सरवन सिंह, मेजर अवधेश कुमार, कैप्टन अजय यादव, लेफ्टिनेंट प्रशांत कमल, सीटीओ सौरव कुमार, अनित बालियान, जीसीआई रागिनी पाल, वरिष्ठ सहायक ए.पी. त्रिपाठी, रतन कुमार एवं मुकेश श्रीवास्तव सहित अन्य सैन्य प्रशिक्षक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
