इटावा, 23 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित इटावा भ्रमण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से नुमाइश पंडाल एवं रिजर्व पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, मंच एवं सभा स्थल, वीआईपी आगमन-प्रस्थान मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, आमजन के प्रवेश-निकास मार्ग, आपातकालीन निकासी व्यवस्था, अग्निशमन, चिकित्सा सहायता तथा विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही रिजर्व पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर वीवीआईपी सुरक्षा, रूट प्लान, ड्यूटी प्वाइंट और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
डीआईजी यमुना प्रसाद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूर्ण की जाएं। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

वहीं एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
इटावा पुलिस ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को पूर्ण सुरक्षा, शांति एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
