इटावा, 24 जुलाई 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अपराधी समाज के लिए नासूर हैं और उनके प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस और अभियोजन अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाई जाए, वहीं निर्दोष व्यक्तियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने महिला संबंधी अपराधों, पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा अन्य गंभीर मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गुण्डा एक्ट के तहत त्वरित कार्रवाई तथा लगातार अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कदम उठाने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुलिस छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लेकर तत्काल कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में कोई बड़ी घटना न हो। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कनविक्शन के तहत चिन्हित बड़े अपराधियों को सजा दिलाना प्रशासन और अभियोजन विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि न्यायपालिका का सहयोग बेहतर है और जो भी अपराध करेगा, उसे कानून के अनुसार सजा अवश्य मिलेगी। इससे समाज में कानून के प्रति विश्वास बढ़ेगा और अपराधियों में भय का वातावरण बनेगा।
उन्होंने विशेष रूप से महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में सरकार की संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित जांच, प्रभावी पैरवी और शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, फौजदारी, पॉक्सो एक्ट, राजस्व, दीवानी एवं गैंगस्टर एक्ट के सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
