इटावा, 24 जुलाई। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के जिलाध्यक्ष पृथ्वीराज कश्यप के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। इनमें एक ज्ञापन में पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित एवं वंचित समाज के विरुद्ध कथित जातिसूचक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई, जबकि दूसरे ज्ञापन में सरकार की जीरो पॉवर्टी योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग उठाई गई।

पहले ज्ञापन में सुभासपा नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित एवं वंचित समाज के लोगों के खिलाफ कुछ राजनीतिक नेताओं एवं उनके समर्थकों द्वारा कथित रूप से जातिसूचक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में ऐसे लोगों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे और किसी भी वर्ग की भावनाएं आहत न हों।
वहीं दूसरे ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार की जीरो पॉवर्टी योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कई वास्तविक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि कुछ स्थानों पर अपात्र व्यक्तियों को लाभ देकर पात्र गरीब परिवारों को वंचित किया जा रहा है। पार्टी ने जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की।
सुभासपा जिलाध्यक्ष पृथ्वीराज कश्यप ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए तथा समाज के किसी भी वर्ग के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से दोनों मामलों में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पृथ्वीराज कश्यप जिला अध्यक्ष,आशा देवी कश्यप जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा, विवेक शर्मा जिला प्रमुख महासचिव विनोद राजपूत कानपुर मंडल उपाध्यक्ष रमेश सोनी कानपुर मंडल उपाध्यक्ष सूचना मंत्री कमलेश कश्यप युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अवधेश वर्मा भरथना विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप भीकम सिंह किरण देवी रेखा राजपूत लक्ष्मी देवी सुनीता देवी रजनी कश्यप शर्मिला देवी बेगम प्रीती देवी गीता देवी खुशबू सुमित्रा ममता देवी,सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
