डीपीएस इटावा के खिलाड़ियों ने सीबीएसई ईस्ट जोन जूडो प्रतियोगिता में जीते 8 पदक

इटावा।वाराणसी (बनारस) स्थित सुभाष चंद्र अकादमी में संपन्न हुई सीबीएसई ईस्ट जोन जूडो चैंपियनशिप (2026-27) में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) इटावा के छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 8 पदक जीतकर जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया है। 11 से 15 अगस्त तक चली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड राज्यों के विभिन्न विद्यालयों की मजबूत जूडो टीमों ने हिस्सा लिया था। जूडो कोच प्रभाकर सिंह के कुशल एवं तकनीकी मार्गदर्शन में डीपीएस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 रजत (सिल्वर) और 6 कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक अपने नाम किए, जिसमें विद्यालय के दो मेधावी खिलाड़ियों ने नेशनल जूडो चैंपियनशिप के लिए भी पक्का स्थान सुरक्षित कर लिया है।
प्रतियोगिता के कड़े मुकाबलों का विवरण देते हुए स्कूल प्रबंधन ने बताया कि मयंक सिंह धनगर ने अंडर-17 आयु वर्ग के 90 किग्रा से कम भार वर्ग में बेहतरीन दांव-पेंच दिखाते हुए रजत पदक हासिल किया, वहीं सूर्यांश ने अंडर-19 आयु वर्ग के 73 किग्रा भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा रजत पदक अपने नाम किया और इन दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर नेशनल जूडो चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया। रजत पदकों के अलावा डीपीएस के अन्य जुझारू खिलाड़ियों ने भी मैट पर दम दिखाते हुए कांस्य पदक जीते, जिनमें अंडर-14 आयु के 35 किग्रा भार वर्ग में अक्षय यादव, अंडर-14 आयु के 30 किग्रा भार वर्ग में शौर्य प्रताप, अंडर-19 आयु के 45 किग्रा भार वर्ग में प्रत्यूष चतुर्वेदी, अंडर-19 आयु के 60 किग्रा भार वर्ग में शुभ गुप्ता, अंडर-19 आयु के 90 किग्रा भार वर्ग में सम्यक और अंडर-19 आयु के 45 किग्रा भार वर्ग में समर ने अपने-अपने भार वर्गों में शानदार मुकाबला करते हुए कांस्य पदक अपने विद्यालय की झोली में डाले।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर डीपीएस परिवार में जश्न और उत्साह का माहौल है। विद्यालय की प्रिंसिपल भावना सिंह ने विजेता खिलाड़ियों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से ही बच्चों में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जिससे उनकी छिपी हुई प्रतिभा निखरकर सामने आती है। इसके साथ ही, दिल्ली पब्लिक स्कूल के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव एवं वाइस चेयरमैन डॉ. प्रीति यादव ने संयुक्त रूप से सभी विजेता बच्चों, उनके अभिभावकों और कोच प्रभाकर सिंह को बधाई दी और कहा कि डीपीएस के छात्र शिक्षा के साथ-साथ खेल जगत में भी नए आयाम स्थापित कर रहे हैं, तथा उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भी इसी तरह का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *