डीपीएस इटावा ने जीते 5 स्वर्ण पदक, नेशनल के लिए 8 खिलाड़ियों का चयन और ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा

इटावा। भदोही के बीपीएमजी स्कूल सूर्यावन में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) इटावा के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 12 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है, जिनमें 5 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के दम पर विद्यालय के 8 मेधावी खिलाड़ियों का चयन हरियाणा के पानीपत में होने वाली नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
17 से 21 अगस्त तक चली इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड राज्यों के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया था। कोच आराधना तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में डीपीएस के खिलाड़ियों ने मैट पर बेहतरीन खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया, जिसके चलते विद्यालय ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम करने में सफलता हासिल की।


विद्यालय के होनहार खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में बेहतरीन दांव-पेच दिखाते हुए 5 स्वर्ण पदक जीते। इनमें अंडर-14 आयु वर्ग के 18 किग्रा से कम भार वर्ग में आध्या कुशवाहा, 20 किग्रा भार वर्ग में अंशिका यादव, 16 किग्रा भार वर्ग में अद्रिका सिंह, 18 किग्रा भार वर्ग में सोम और 25 किग्रा भार वर्ग में नमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए।
स्वर्ण पदकों के अलावा डीपीएस के अन्य खिलाड़ियों ने भी मैट पर दम दिखाते हुए 3 रजत और 4 कांस्य पदक अपने नाम किए। रजत पदक जीतने वालों में आस्तिक सिंह, सिद्धि दुबे और मोनिका यादव शामिल रहे, जबकि आदित्य, इशित कुमार, इतांशा सिंह और दक्षिता ने बेहतरीन मुकाबला करते हुए कांस्य पदक अपनी झोली में डाले।
खिलाड़ियों की इस अप्रत्याशित सफलता पर डीपीएस परिवार में जश्न और उत्साह का माहौल है। विद्यालय की प्रिंसिपल भावना सिंह, चेयरमैन डॉ. विवेक यादव और वाइस चेयरमैन डॉ. प्रीति यादव ने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और कोच आराधना तिवारी को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी है। प्रबंधन ने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *