जिला महिला चिकित्सालय में मनाया गया कन्या जन्मोत्सव, 14 नवजात बेटियों का केक काटकर मनाया जन्मदिन

इटावा। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी इटावा के निर्देश पर सोमवार को जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 14 नवजात कन्याओं का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।
कार्यक्रम में डॉ. पारितोष शुक्ला, अधीक्षक जिला चिकित्सालय इटावा तथा डॉ. अनिल कुमार, चिकित्सा अधीक्षक (महिला) की उपस्थिति रही। इस अवसर पर नवजात कन्याओं को बेबी किट एवं जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि उनकी माताओं को ड्राईफ्रूट भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नवजात बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया गया। साथ ही माताओं एवं परिवारीजनों को सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना सहित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
परिजनों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के विभिन्न चरणों के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के बारे में भी विस्तार से बताया गया। उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर बेटियों को शिक्षित एवं सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर जेण्डर स्पेशलिस्ट हब के श्री अजित कुमार दुबे ने नवजात कन्याओं की माताओं एवं उनके परिवारीजनों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी दी तथा विभागीय योजनाओं से संबंधित पंपलेट वितरित किए।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय से अक्षय वर्मा, कनिष्ठ सहायक, अजित कुमार दुबे, अर्चना भदौरिया, संजीव कुमार, अभिषेक वर्मा सहित जिला महिला चिकित्सालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *