इटावा। मानिकपुर मोड़ स्थित पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल में 28 सितंबर को विधिक साक्षरता दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिविल जज (सीनियर डिवीजन/फास्ट ट्रैक कोर्ट) अभिषेक कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट-2012 सहित बच्चों के कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कैलाश चंद्र यादव, पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) श्याम सुंदर एवं शिवदीप मौजूद रहे।
सिविल जज अभिषेक कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण संबंधी कानून की जानकारी देते हुए गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या असहज स्थिति को छिपाना नहीं चाहिए। ऐसी स्थिति में बच्चों को तत्काल अपने माता-पिता या शिक्षकों से खुलकर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए उनके साथ है।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को 15100, 112 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। साथ ही बच्चों को विपरीत परिस्थितियों में सतर्क रहने और अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने न्यायिक टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में किताबी शिक्षा के साथ कानूनी जागरूकता भी विद्यार्थियों के लिए बेहद जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाते हैं।
शिविर में विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
